---Advertisement---

बहुगुणा जयंती पर सीएम धामी का बड़ा बयान: पर्वतीय विकास के लिए उनके योगदान को बताया प्रेरणादायक

देहरादून। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और “हिमालय पुत्र” के नाम से प्रसिद्ध हेमवती नंदन बहुगुणा की 107वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित घंटाघर के निकट एमडीडीए कॉम्प्लेक्स में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बहुगुणा जी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका निभाई और अपने दूरदर्शी नेतृत्व से समाज को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि बहुगुणा जी केवल एक सफल राजनेता ही नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति समर्पित और प्रेरणादायी व्यक्तित्व थे।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों के विकास में उनके योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि बहुगुणा जी ने पहाड़ी इलाकों की समस्याओं को समझते हुए उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए। उनके प्रयासों से क्षेत्रीय विकास को नई गति मिली और आमजन के जीवन स्तर में सुधार आया।

उन्होंने कहा कि बहुगुणा जी का जीवन जनकल्याण, सामाजिक समरसता और समावेशी विकास के मूल्यों का प्रतीक रहा है। उनके आदर्श और विचार आज भी समाज को प्रेरित करते हैं और हमें जनहित में कार्य करने की दिशा दिखाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, विधायक खजान दास, दुर्गेश्वर लाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सभी ने बहुगुणा जी को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।

 

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---