---Advertisement---

नर्सिंग भर्ती विवाद में कूदीं विधायक ममता राकेश, धरने को मिला बड़ा समर्थन

भगवानपुर क्षेत्र में नर्सिंग अभ्यर्थियों का धरना-प्रदर्शन लगातार जारी है, जिसे अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले चल रहे इस प्रदर्शन को उस समय मजबूती मिली, जब ममता राकेश धरना स्थल पर पहुंचीं और अभ्यर्थियों से सीधे संवाद किया।

धरना स्थल पर मौजूद अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, वर्षवार चयन प्रणाली में बदलाव और लंबे समय से लंबित भर्ती प्रक्रिया को लेकर अपनी समस्याएं विस्तार से विधायक के सामने रखीं। अभ्यर्थियों का कहना है कि इन मुद्दों के कारण उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है और उन्हें लंबे समय से न्याय का इंतजार है।

विधायक ममता राकेश ने अभ्यर्थियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उनकी मांगों को पूरी तरह जायज बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सचिव के समक्ष प्रमुखता से उठाएंगी, ताकि अभ्यर्थियों को जल्द समाधान मिल सके।

उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में शीघ्र निर्णय लेना चाहिए, जिससे वर्षों से प्रतीक्षा कर रहे युवाओं को राहत मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि आगामी 28 अप्रैल 2026 को होने वाले विधानसभा सत्र में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा और सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।

धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने विधायक के समर्थन और आश्वासन के लिए आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर जल्द ठोस कार्रवाई होगी। इस दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थी धरना स्थल पर मौजूद रहे और अपने अधिकारों के लिए एकजुट दिखाई दिए।

प्रदर्शन में नवल पुंडीर, राजेंद्र कुकरेती, प्रवेश रावत, मुकेश रमोला, सुभाष, स्तुति, शिरा, विमला, राजेश, कविता, भास्कर और पपेंद्र सहित सैकड़ों अभ्यर्थियों की भागीदारी रही।

 

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---