---Advertisement---

केदारनाथ पर फर्जी वीडियो फैलाना पड़ा भारी, सरकार ने दर्ज की FIR

उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा को लेकर राज्य सरकार ने सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक जानकारी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सरकार द्वारा यात्री सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, ट्रैफिक प्रबंधन, आपदा सुरक्षा और डिजिटल मॉनिटरिंग को लगातार मजबूत किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन मिल सके।

इसी बीच कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर चारधाम यात्रा से संबंधित भ्रामक, अपुष्ट और तथ्यहीन वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य आम लोगों को भ्रमित करना और राज्य की छवि को नुकसान पहुंचाना बताया जा रहा है।

जनपद रुद्रप्रयाग में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान एक ऐसा वीडियो सामने आया, जिसमें केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं को दर्शन से वंचित किए जाने का गलत दावा किया गया था। प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की है।

इस संबंध में थाना सोनप्रयाग में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और जांच प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा प्रशासन ने 4 से 5 अन्य संदिग्ध वीडियो भी चिन्हित किए हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है। जांच के बाद इनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सरकार ने आम जनता से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें और किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा करने से बचें, ताकि यात्रा व्यवस्था प्रभावित न हो।

 

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---