---Advertisement---

क्या श्रीनगर में अब 24 घंटे मिलेगा पानी? जानें डॉ. धन सिंह रावत की बड़ी योजना

देहरादून। श्रीनगर नगर क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से जारी पेयजल संकट को समाप्त करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए शहर और आसपास के गांवों में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। इस महत्वपूर्ण योजना के लिए जल संस्थान और पेयजल निगम को व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को अपने शासकीय आवास पर श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में चल रही विभिन्न पेयजल योजनाओं की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेयजल संकट से आम जनता को जल्द राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र में दिन में दो बार दी जाने वाली जलापूर्ति के बावजूद कई इलाकों में पानी की कमी बनी रहती है, इसलिए 24 घंटे सप्लाई की व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है।

डॉ. रावत ने कहा कि निरंतर जलापूर्ति से जहां पेयजल की किल्लत दूर होगी, वहीं पाइपलाइन लीकेज जैसी तकनीकी समस्याओं का समाधान भी समय पर हो सकेगा। उन्होंने पेयजल निगम और जल संस्थान को निर्देशित किया कि शहर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ठोस और परिणामकारी योजना तैयार की जाए।

बैठक में विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख पेयजल योजनाओं—कण्डारस्यूं-पैठाणी पम्पिंग योजना, बिडोली ग्राम समूह पम्पिंग योजना और चुणखेत पेयजल योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी पेयजल के संकट को समाप्त किया जा सके।

डॉ. रावत ने विशेष रूप से आदेश दिया कि ढिकाल गांव पम्पिंग योजना से वंचित रह गए गांवों को एनआईटी सुमाड़ी पेयजल योजना से जोड़ा जाए, जिससे सभी प्रभावित परिवारों को लाभ मिल सके।

विभागीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि बिडोली, कण्डारस्यूं-पैठाणी तथा चुणखेत पेयजल योजनाओं को भारत सरकार से फॉरेस्ट क्लियरेंस मिल चुका है और तीनों योजनाओं का कार्य अंतिम चरण में है। कण्डारस्यूं-पैठाणी योजना को 15 मार्च तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कलियासौड और बिलकेदार पेयजल योजनाओं को 15-15 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति भी मिल चुकी है। थलीसैण नगर पंचायत पम्पिंग योजना के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर दी गई है और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा।

बैठक में अपर सचिव पेयजल अपूर्वा पांडे, मुख्य अभियंता अनुपम रतन, अधीक्षण अभियंता प्रवीन सैनी और सहायक अभियंता अजय गुरूंग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post