---Advertisement---

पुलिस लाइन में बड़ा निरीक्षण: भोजन की गुणवत्ता से लेकर हथियारों तक सख्त निर्देश

Dehradun। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने पुलिस लाइन का व्यापक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और पुलिसकर्मियों की फिटनेस पर जोर देते हुए नियमित परेड सुनिश्चित करने को कहा।

एसएसपी ने कहा कि पुलिस बल को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने के लिए नियमित परेड बेहद जरूरी है। इसके बाद उन्होंने आरमरी (शस्त्रागार) का निरीक्षण किया, जहां शस्त्रों और अन्य सरकारी सामग्री की स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी हथियारों की नियमित सफाई हो और पुलिसकर्मियों को उनके सही उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाए।

पुलिस लाइन के स्टोर कार्यालय में एंटी-रायट उपकरणों, बुलेटप्रूफ जैकेट और अन्य जरूरी सामान का भौतिक सत्यापन किया गया। एसएसपी ने आवश्यक उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और स्टोर में रखे रजिस्टरों की भी जांच की।

निरीक्षण के दौरान आवासीय बैरकों और परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। भोजनालय का जायजा लेते हुए एसएसपी ने कर्मचारियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता उच्च स्तर की रखने के निर्देश दिए, ताकि पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।

इसके अलावा पुलिस लाइन स्थित मॉडर्न स्कूल का निरीक्षण करते हुए शिक्षकों से शिक्षण कार्य की जानकारी ली गई और छात्रों के हितों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

परिवहन शाखा के निरीक्षण में एसएसपी ने सरकारी वाहनों की स्थिति, साफ-सफाई और फिटनेस की समीक्षा की। उन्होंने वाहनों के नियमित रखरखाव और समय-समय पर मेंटेनेंस सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इस निरीक्षण के बाद पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में प्रशासनिक सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है।

Related Post