देहरादून। राज्य के कैबिनेट मंत्री और श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. धन सिंह रावत आगामी 6 और 7 दिसंबर को अपने विधानसभा क्षेत्र के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह लिफ्ट सिंचाई योजना, रेल लाइन परियोजना प्रभावितों को मुआवजा वितरण, विद्यालयों व चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण और बूंखाल-कालिंका मंदिर मेले में प्रतिभाग जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
डॉ. रावत ने बताया कि वे शनिवार 6 दिसंबर को सबसे पहले बूंखाल में आयोजित पारंपरिक मेले में शामिल होंगे। हर वर्ष आयोजित होने वाला यह मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक माना जाता है। मेले में प्रतिभाग के साथ मंत्री कालिंका मंदिर में दर्शन कर क्षेत्रवासियों से भेंट भी करेंगे। इसके बाद वह आसपास के गांवों का दौरा कर जनता की समस्याएं सुनेंगे और जनसम्पर्क करेंगे। अपने कार्यक्रम के तहत वे विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और स्वास्थ्य इकाइयों का औचक निरीक्षण भी करेंगे, ताकि व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन किया जा सके। साथ-ही-साथ, विधानसभा क्षेत्र में जारी विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।
रविवार को उनका कार्यक्रम विशेष रूप से विकास कार्यों पर केंद्रित रहेगा। डॉ. रावत फरासू में बहुप्रतीक्षित लिफ्ट सिंचाई योजना का शिलान्यास करेंगे, जिससे क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। इसके बाद वह फरासू और चमधार के भूस्खलन जोन का निरीक्षण करेंगे। हाल ही में उनके प्रयासों से इन दोनों जोनों के ट्रीटमेंट के लिए 90 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं, जिसके बाद क्षेत्रवासियों में राहत की भावना है। मंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे कार्यों की भी समीक्षा करेंगे।
दिन में आगे वे स्वीत गांव पहुंचकर रेल लाइन परियोजना के टनल निर्माण से प्रभावित भूस्वामियों को मुआवजा राशि के चेक वितरित करेंगे। इसके उपरांत श्रीनगर उप जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम में नवनिर्मित टाइप-5 आवासीय भवनों का लोकार्पण करेंगे।








