---Advertisement---

RGU में छात्रों ने क्यों लिया भ्रष्टाचार मुक्त भारत का संकल्प? विजिलेंस सप्ताह बना चर्चा का केंद्र

रामगढ़ स्थित राधा गोविंद विश्वविद्यालय में विजिलेंस जागरूकता सप्ताह के अवसर पर जंतु विज्ञान विभाग और माइक्रोबायोलॉजी विभाग द्वारा संयुक्त रूप से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पारदर्शिता, ईमानदारी तथा नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना था।

जागरूकता कार्यक्रम में छात्रों ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। पोस्टर प्रस्तुति, निबंध लेखन प्रतियोगिता और शपथ ग्रहण समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी को प्रदर्शित किया। पोस्टर और निबंधों में छात्रों ने भ्रष्टाचार मुक्त समाज निर्माण, नैतिकता, जिम्मेदारी और पारदर्शी प्रणाली के महत्व पर जोर दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने स्तर पर सतर्क रहे और ईमानदारी को जीवन का आधार बनाए, तो भ्रष्टाचार स्वतः समाप्त हो सकता है। सचिव प्रियंका कुमारी ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि शिक्षा का अंतिम उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि राष्ट्रहित में योगदान देना होना चाहिए।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सत्य प्रकाश, डॉ. अपराजिता, माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रणव कुमार महाता और उमा कुमारी सहित कई शिक्षक और छात्र उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी छात्रों और शिक्षकों ने भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण किया। विद्यार्थियों ने कहा कि यह जागरूकता कार्यक्रम न केवल ज्ञानवर्धक था, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित भी करता है।

 

Related Post