देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ में उत्तराखंड का विशेष उल्लेख राज्य के पर्यटन क्षेत्र के लिए बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने विंटर टूरिज्म, साहसिक खेलों, वेडिंग डेस्टिनेशन और तेजी से बढ़ती पर्यटन गतिविधियों पर चर्चा कर राज्य की संभावनाओं को नई दिशा देने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और प्रधानमंत्री द्वारा इसका जिक्र किए जाने से विश्व स्तर पर देवभूमि की पहचान और मजबूत होगी। मोदी ने अपने संबोधन में खास तौर पर आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन और आगामी विंटर गेम्स का उल्लेख किया, जो प्रदेश को साहसिक खेलों का हब बनाने की क्षमता रखते हैं।
धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने आदि कैलाश क्षेत्र में तेजी से बढ़ते पर्यटकों की संख्या का जिक्र करते हुए कहा कि जहां तीन वर्ष पहले 2 हजार पर्यटक आते थे, वहीं अब यह संख्या 30 हजार तक पहुंच गई है। यह परिवर्तन प्रदेश के विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और सरकार के निरंतर प्रयासों का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री धामी ने समस्त प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन उत्तराखंड के सतत विकास के लिए महत्वपूर्ण है।








