रामगढ़। समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करते हुए इनरव्हील क्लब ऑफ रामगढ़ ने एक नई पहल की है। क्लब द्वारा रामगढ़ पुलिस स्टेशन परिसर में शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वाटर कूलर स्थापित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य न केवल पुलिस कर्मियों बल्कि आम जनता को भी राहत प्रदान करना है।
गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए लगाए गए इस वाटर कूलर को सुरक्षित रखने के लिए इसके ऊपर एक मजबूत शेड का निर्माण भी कराया गया है, ताकि यह हर मौसम में सुचारू रूप से कार्य करता रहे। इसके अलावा, क्लब ने इस सुविधा को और अधिक उपयोगी बनाने के लिए एक वाश बेसिन भी लगाया है, जिसे थाना परिसर की दीवार के बाहर की ओर स्थापित किया गया है।
इस वाश बेसिन का लाभ राहगीरों, डाकघर आने-जाने वाले लोगों तथा गांधी घाट (मुक्तिधाम) जाने वाले श्रद्धालुओं को भी मिलेगा। इससे लोगों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सकेगा। इस पहल से क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
क्लब की इस जनहितकारी पहल की स्थानीय लोगों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि इस तरह के कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और जरूरतमंदों की मदद करते हैं।
क्लब अध्यक्ष नमिता श्रॉफ ने बताया कि इनरव्हील क्लब भविष्य में भी इसी तरह के सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्य करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाया जा सके।
इस अवसर पर थाना प्रभारी वीणा कुमारी सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। वहीं क्लब की ओर से सचिव जनेशा वडेरा, निधि चौधरी, नीरू साहनी, अनुराधा श्रॉफ, पिंकी पोद्दार, जसबिंदर होरा, नवलजीत कौर, मधु अग्रवाल, रंजू अग्रवाल, श्वेता जैन, मीरा बगड़िया, जसमीत कौर, ममता बसंत, दीपा वडेरा और अन्य सदस्य उपस्थित थे।








