देहरादून। लोक भवन में 27 फरवरी से 01 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय वसंतोत्सव-2026 (पुष्प प्रदर्शनी) की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बहुप्रतीक्षित महोत्सव का शुभारंभ 27 फरवरी को प्रातः 10 बजे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) द्वारा किया जाएगा।
पुष्प प्रदर्शनी 27 फरवरी को दोपहर 1 बजे से सायं 6 बजे तक तथा 28 फरवरी और 01 मार्च को प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक आम जनता के लिए निःशुल्क खुली रहेगी। आयोजन को लेकर प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है।
महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से राज्यपाल ने फूलों से सुसज्जित विशेष प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन देहरादून शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों को आयोजन की जानकारी देंगे। एक प्रचार वाहन देहरादून से सेलाकुई तक तथा दूसरा देहरादून से डोईवाला क्षेत्र तक जाएगा।
इस वर्ष आयोजन में नवाचार को भी विशेष स्थान दिया गया है। उत्तराखण्ड तकनीकी विश्वविद्यालय द्वारा एआई आधारित एप्लिकेशन के माध्यम से आगंतुकों की गणना की जाएगी। इसके लिए लोक भवन के मुख्य द्वार पर एआई-सक्षम कैमरे लगाए गए हैं। आगंतुक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर डिजिटल आई-कार्ड भी प्राप्त कर सकेंगे। हालांकि यह पंजीकरण पूरी तरह ऐच्छिक रहेगा।
राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पुष्प प्रदर्शनी के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के कारण भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।








