देहरादून। उत्तराखंड क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। पहली बार रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में जगह बनाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को राज्य के खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह सफलता प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन, अनुशासित खेल और बेहतरीन टीमवर्क के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल टीम की नहीं, बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। रणजी ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचना उत्तराखंड क्रिकेट की निरंतर प्रगति को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन को भी इस सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन द्वारा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम आज पूरे देश के सामने है। यह सफलता आने वाले वर्षों में उत्तराखंड क्रिकेट को नई पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होगी।
श्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश में आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित की जा रही है, स्टेडियमों का उन्नयन किया जा रहा है और खिलाड़ियों को हर संभव सुविधाएं दी जा रही हैं, ताकि उत्तराखंड के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
मुख्यमंत्री ने रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले के लिए उत्तराखंड टीम को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि टीम इसी जज्बे और उत्साह के साथ मैदान में उतरेगी और सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में प्रवेश करेगी। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य की जनता टीम के साथ है और सभी को खिलाड़ियों से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है।








