---Advertisement---

उत्तराखंड में खेलों को नया आयाम: मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खेलों की तैयारी और युवाओं के लिए रणनीति तैयार की

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को राज्य में खेल अवसंरचना को मजबूत करने और युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने के लिए विशेष निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान तैयार की गई खेल अवसंरचना का नियमित रख-रखाव और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि खेल गतिविधियों को निरंतर गति मिल सके।

मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में बनने वाले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन से प्रदेश के खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जो उत्तराखंड को खेल क्षेत्र में नई पहचान दिलाएंगी।

बैठक में मुख्यमंत्री ने न्याय पंचायत स्तर से लेकर विधायक, सांसद और मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी जैसी प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और भागीदारी बढ़े। उन्होंने खेल एवं युवा कल्याण विभाग को निर्देश दिए कि अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए।

मुख्यमंत्री ने 39वें राष्ट्रीय खेलों को दृष्टिगत रखते हुए खिलाड़ियों को और बेहतर प्रशिक्षण एवं संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए समयबद्ध पुरस्कार, छात्रवृत्ति और बीमा सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने निजी क्षेत्र और कॉरपोरेट भागीदारी से खेल अवसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।

धामी ने अनुभवी प्रशिक्षकों की नियुक्ति और राज्य में विभिन्न खेल अकादमियों की स्थापना में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना है।

बैठक में खेल मंत्री श्रीमती रेखा आर्या, उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष श्री हेमराज बिष्ट, प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, विशेष प्रमुख सचिव खेल श्री अमित सिन्हा, सचिव श्री शैलेश बगोली, निदेशक खेल श्री आशीष चौहान समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post