देहरादून। रसोई गैस की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर प्रदेश में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। महंगाई के मुद्दे पर विपक्ष लगातार सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है। इसी क्रम में Indian Youth Congress के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रेम नगर चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा प्रतीकात्मक रूप से सरकार का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व यूथ कांग्रेस नेता रितेश छेत्री ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि को लेकर सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए।
रितेश छेत्री ने कहा कि मौजूदा समय में महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस के दाम बढ़ने से सबसे अधिक परेशानी गृहणियों और मध्यमवर्गीय परिवारों को उठानी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान देने के बजाय केवल दावे और वादे करने में लगी है।
प्रदर्शन के दौरान व्यापार मंडल से जुड़े नेताओं ने भी महंगाई को लेकर चिंता जताई। व्यापार मंडल नेता राजेश शर्मा ने कहा कि बढ़ती महंगाई का सीधा असर छोटे व्यापारियों और दुकानदारों पर पड़ रहा है। यदि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी जारी रही, तो इसका प्रभाव व्यापार और बाजार की गतिविधियों पर और अधिक पड़ेगा।
वहीं व्यापार मंडल नेता राजीव पुंज ने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों के कारण बाजारों में ग्राहकों की संख्या कम हो रही है, जिससे व्यापार पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस और त्वरित कदम उठाने की मांग की।
प्रदर्शन में Garima Mehra Dasauni सहित कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान संजय शर्मा, लाल चंद शर्मा, संगीता गुप्ता, दीवान सिंह बिष्ट, पिया थापा, आशीष देसाई, कैलाश बाल्मीकि, अनिल बस्नेत, विनय शर्मा, अनूप शर्मा, सुखपाल गांधी, अशोक गुप्ता, कुलदीप नरूला, हरदीप और पीयूष जोशी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








