देहरादून | संवाददाता
मुख्यमंत्री के सुशासन एवं जनसेवा संकल्प के तहत देहरादून जिला प्रशासन मानसून के दौरान भी हर घर तक शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सतर्क और सक्रिय है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पेयजल आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या का समाधान तत्काल किया जाए और जनसामान्य को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
240 शिकायतें, 230 का समाधान
जिला नियंत्रण कक्ष को 14 अप्रैल से 21 जून 2025 के बीच 240 पेयजल संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 230 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने पेयजल से जुड़े विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के मौसम में भी पानी की आपूर्ति में कोई बाधा न आने पाए।
उन्होंने कहा, “जनता की समस्या ही प्रशासन की समस्या है। इसमें कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक शिकायत का निस्तारण उसी दिन सुनिश्चित किया जाए।”
समिति गठित, बजट की कोई कमी नहीं
डीएम बंसल ने कहा कि हर घर तक प्रतिदिन शुद्ध पेयजल की आपूर्ति हमारा लक्ष्य है और इसके लिए बजट की कोई कमी नहीं है। किसी भी विभाग को यदि अतिरिक्त फंड की आवश्यकता हो, तो प्रशासन को अवगत कराएं। पेयजल समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए एडीएम की अध्यक्षता में एक समिति भी गठित की गई है, जो नियमित मॉनिटरिंग कर रही है।
पेयजल आपूर्ति से जुड़े सात विभागों के अधिकारियों को 24×7 कंट्रोल रूम में 20 अप्रैल से तैनात किया गया है, ताकि शिकायतों का त्वरित समाधान हो सके।
नागरिकों की शिकायतें और समाधान
-
करनपुर निवासी राजेन्द्र उनियाल की शिकायत पर अधिशासी अभियंता ने बताया कि उनके घर को छोड़कर आसपास सभी जगह जलापूर्ति सामान्य है। उनके निजी जल संयोजन में चोक होने की वजह से समस्या आई है। विभागीय पाइपलाइन से जल आपूर्ति सामान्य है।
-
सुलोचना पयाल व कुछ मीडिया माध्यमों द्वारा चन्द्रबनी क्षेत्र में जल संकट की जानकारी दी गई थी। अधिशासी अभियंता के अनुसार, मेहूवाला क्लस्टर पेयजल योजना के अंतर्गत यहाँ 2 नलकूप और 1 उच्च जलाशय की आवश्यकता थी, जिसकी स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा।
-
मालदेवता स्थित बांदल स्रोत से दिलाराम बाजार फिल्टर हाउस तक आने वाली 450 एमएम व्यास की पेयजल पाइपलाइन महाराणा प्रताप चौक के पास क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस कारण करनपुर, चुक्खुवाला, कालीदास रोड, विजय कॉलोनी, डीएल रोड, हाथीबड़कला, सेवक आश्रम रोड जैसे क्षेत्रों में जल आपूर्ति प्रभावित हुई। आपातकालीन स्थिति में टैंकरों के माध्यम से आपूर्ति की गई और अब मरम्मत के बाद आपूर्ति सुचारू कर दी गई है।
-
कांवली रोड निवासी कौशल्या देवी की शिकायत पर निरीक्षण के बाद पता चला कि समस्या उनके निजी जल संयोजन में थी, जिसकी मरम्मत उपभोक्ता को स्वयं करनी है। विभागीय लाइन से जलापूर्ति सामान्य है।
-
केदारपुरम क्लेक्ट्रेट कॉलोनी में भी जल आपूर्ति में रुकावट की सूचना मिली थी। जांच में पाया गया कि पैनल में तकनीकी खराबी के कारण यह समस्या आई थी। इसे ठीक कर अब पानी की आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
जनहित सर्वोपरि, सतत निगरानी जारी
जिलाधिकारी ने पेयजल विभाग को निर्देश दिए कि मानसून के मौसम में विशेष सतर्कता बरती जाए। कहीं भी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होती है या जलापूर्ति बाधित होती है, तो उसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम में दर्ज हो और उसी दिन समाधान किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यह केवल तकनीकी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनसेवा की भावना से किया जाने वाला कार्य है।









