---Advertisement---

बीस हजार मातृशक्ति जुड़ी अभियान से—कैसे जाग रहा है सनातन संस्कारों का संदेश?

रुड़की। सत्य सनातन नारी शक्ति, लखनऊ द्वारा रुड़की के प्रसिद्ध सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में राष्ट्र कल्याण के उद्देश्य से सुंदरकांड पाठ, महायज्ञ और हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हिंदू राष्ट्र एवं सनातन धर्म के संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुरुदेव आचार्य रमेश महाराज जी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि नारी शक्ति और युवा शक्ति का एकजुट होकर सनातन धर्म के लिए कार्य करना अत्यंत श्रेष्ठ पहल है। उन्होंने कहा कि सुंदरकांड महाअभियान न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि यह सामाजिक चेतना को भी ऊर्जा प्रदान करता है। उनका मानना है कि श्रीराम की कृपा से सुंदरकांड पाठ करने वाले परिवारों में सद्भावना और संस्कारों का विकास होता है, जिससे राष्ट्र निर्माण का मार्ग और अधिक मजबूत होता है।

उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति ही विश्व कल्याण का आधार है और यदि प्रत्येक घर में सुंदरकांड का पाठ हो, तो समाज में सुख, शांति और समृद्धि स्वतः उत्पन्न होगी। आचार्य रमेश महाराज ने भक्तों को संदेश देते हुए कहा कि श्रीहनुमान जी की कृपा से ही प्रभु श्रीराम की भक्ति प्राप्त होती है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को रामनाम और हनुमान जी के आदर्शों पर चलना चाहिए।

अभियान की संयोजिका सपना गोयल ने बताया कि सत्य सनातन नारी शक्ति से आज बीस हजार से अधिक मातृशक्ति जुड़ चुकी हैं। संगठन यूपी के 20 जिलों में नियमित रूप से सुंदरकांड पाठ करा रहा है, साथ ही अयोध्या धाम में भी यह अभियान लगातार चलता रहता है। उन्होंने अपील की कि हर परिवार में, विशेषकर शनिवार और मंगलवार को, सुंदरकांड का पाठ अनिवार्य रूप से होना चाहिए ताकि युवाओं में संस्कार और धार्मिक आस्था बढ़ सके।

सनातन धर्म रक्षिणी सभा के महामंत्री सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि उनका संगठन हिंदू समाज को एकजुट करने के लिए सतत कार्यरत है। उन्होंने कहा कि सनातन ही हमारी एकमात्र जाति है और हमें हनुमान जी के माध्यम से प्रभु श्रीराम के मार्ग का अनुसरण करते हुए राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे प्रभु राम की शिक्षाओं को जीवन में उतारें और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय रहें।

कार्यक्रम में बीना नौटियाल, राधा भटनागर, रेखा रावत, चित्रा गोयल, सुलक्षणा सेमवाल, सुधांशु वत्स, आचार्य रोहित शास्त्री, प्रकाश नौटियाल, पूजा वर्मा, निकिता शर्मा, अदिति, रीना अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Post