---Advertisement---

त्रिवेंद्र रावत की नई पहल: अब शिक्षण संस्थानों में मिलेगा युवाओं को विशेषज्ञ मार्गदर्शन

देहरादून। देवभूमि विकास संस्थान प्रदेश के युवाओं के भविष्य को दिशा देने के लिए एक नई और महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है। संस्थान के संरक्षक एवं हरिद्वार लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने घोषणा की कि इसी माह से शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए काउंसलिंग कार्यक्रम शुरू किया जाएगा।

विधानसभा मार्ग स्थित संस्थान कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि आज का युग अत्यधिक प्रतिस्पर्धा का है, जिसमें युवाओं को सही मार्गदर्शन की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह काउंसलिंग कार्यक्रम युवाओं को करियर चयन, मानसिक स्वास्थ्य, कानूनी जागरूकता, सामाजिक दायित्व और जीवन मूल्यों जैसे विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान करेगा, ताकि वे सही निर्णय लेकर संतोषपूर्ण और खुशहाल जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।

इस पहल के अंतर्गत मनोवैज्ञानिकों, कानूनी विशेषज्ञों, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों और पत्रकारों की एक विशेष टीम तैयार की जाएगी, जो सीधे शिक्षण संस्थानों में जाकर विद्यार्थियों से संवाद करेगी।

बैठक में संस्थान के सचिव सत्येंद्र सिंह नेगी सहित वरिष्ठ भूगर्भ वैज्ञानिक प्रो. दीपक भट्ट, मनोवैज्ञानिक डॉ. राजेश भट्ट, अर्थशास्त्री प्रो. आर. पी. ममंगाई, अधिवक्ता रवी नेगी, मुख्य ट्रस्टी कृति रावत, प्रो. हर्ष डोभाल, डॉ. अरुण कुमार समेत कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

संस्थान की यह पहल युवाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सार्थक प्रयास मानी जा रही है।

 

Related Post