---Advertisement---

अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरी बस, 7 की मौत, कई घायल

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। भिकियासैंण क्षेत्र के सिलापानी के पास एक निजी बस गहरी खाई में जा गिरी, जिससे सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बस द्वाराहाट से रामनगर की ओर जा रही थी। रास्ते में सिलापानी के पास अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और बस सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को बड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकालकर भिकियासैंण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

दुर्घटना में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में गोविंद बल्लभ (80), उनकी पत्नी पार्वती देवी (75), सूबेदार नंदन सिंह (65), तारा देवी (50), गणेश (25), उमेश (25) और गोविंदी देवी (58) शामिल हैं। वहीं 12 अन्य यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल नंदी देवी और राकेश कुमार को रामनगर रेफर किया गया है।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरत पड़ने पर गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर ऋषिकेश एम्स भेजा जाएगा।

एसएसपी देवेन्द्र पींचा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण सड़क पर फिसलन और मोड़ पर बस का संतुलन बिगड़ना प्रतीत हो रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता दी जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ऐसे संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा उपायों को और सख्त किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदियों से बचा जा सके।

Related Post