---Advertisement---

पवेलियन ग्राउंड में रोमांचक फाइनल, ग्राफिक एरा एफसी बनी विवेकानंद मेमोरियल की चैंपियन

देहरादून। सर्वगुण ज्ञानोदय ट्रस्ट की ओर से आयोजित तृतीय *द ग्रेट स्वामी विवेकानंद मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट* का खिताब ग्राफिक एरा एफसी ने अपने नाम कर लिया। पवेलियन ग्राउंड में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में ग्राफिक एरा एफसी ने अतिरिक्त समय में किए गए दो शानदार गोलों की बदौलत दून चैलेंजर्स को 2-0 से पराजित किया।

रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। दून चैलेंजर्स और ग्राफिक एरा एफसी ने आक्रामक रणनीति अपनाते हुए एक-दूसरे की रक्षापंक्ति पर लगातार दबाव बनाया। पहले हाफ में दोनों टीमों को गोल के कई मौके मिले, लेकिन मजबूत डिफेंस और गोलकीपिंग के चलते कोई भी टीम बढ़त नहीं बना सकी।

मध्यांतर के बाद भी मुकाबला बराबरी का चलता रहा और दर्शकों की सांसें अटकी रहीं। निर्धारित समय के अंतिम क्षणों में मुकाबला निर्णायक मोड़ पर पहुंचा। 83वें मिनट में ग्राफिक एरा एफसी के स्ट्राइकर बतिस्ता ने शानदार मूव बनाते हुए विपक्षी रक्षापंक्ति को चकमा दिया और दमदार गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद अतिरिक्त समय के 91वें मिनट में केसी ने एक और गोल कर ग्राफिक एरा एफसी की जीत पर मुहर लगा दी।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने विजेता ग्राफिक एरा एफसी को 51 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की, जबकि उपविजेता दून चैलेंजर्स को 31 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

टूर्नामेंट के व्यक्तिगत पुरस्कारों में मैन ऑफ द मैच का खिताब ग्राफिक एरा एफसी के बतिस्ता को मिला। वहीं दून चैलेंजर्स के राजीव पंवार को बेस्ट डिफेंडर, ग्राफिक एरा एफसी के ब्यूटरश को बेस्ट गोलकीपर, दून चैलेंजर्स के अक्षय राज को बेस्ट स्कोरर और भुवन को बेस्ट मिडफील्डर चुना गया।

Related Post