रामगढ़/भुरकुण्डा। पतरातु पुलिस थाना क्षेत्र में लगातार हो रही रात्रि फायरिंग और दहशत फैलाने वाली घटनाओं के बाद पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक रामगढ़ श्री अजय कुमार (भा.पु.से.) की देखरेख में सहायक पुलिस अधीक्षक श्री गौरव गोस्वामी (भा.पु.से.) के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 अगस्त 2025 को सयाल भुरकुण्डा स्थित R.A. Mining साइट पर अपराधियों ने रंगदारी व दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की थी। इसके बाद 29 अगस्त 2025 को सेन्ट्रल सौन्दा भुरकुण्डा, सीसीएल रेलवे साइडिंग पर पप्पु जैन की साइट पर अंधाधुंध फायरिंग की घटना हुई थी। इन दोनों घटनाओं के संदर्भ में पतरातु थाना में क्रमशः कांड सं. 209/25 और 220/25 दर्ज किए गए थे।
गुप्त सूचना मिलने के बाद, दिनांक 24 सितंबर 2025 को रामगढ़ के कोठार स्थित एक होटल पर एसआईटी ने छापामारी की। इस दौरान तीन संदिग्ध युवक भागने लगे जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त हैं –
- तुषार मिश्रा उर्फ शोम्या मिश्रा, पिता स्व. राजकुमार मिश्रा, ग्राम मिश्रा, टोला, मरार, थाना+जिला रामगढ़।
- मंगलेश कुमार, पिता सुनील सिंह, बरवअड्डा, बड़ा जमुआ, थाना-बरवअड्डा, जिला धनबाद।
- मुकेश कुमार उर्फ मुक्कु, पिता अमीरका साव, ग्राम महँगाई कला, थाना-बड़कागॉव, जिला हजारीबाग।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो पिस्टल (एक 7.65 मिमी और एक देशी), 7 जिन्दा कारतूस, एक पिस्टल मैगजीन और तीन मोबाइल बरामद किए गए। पूछताछ में अभियुक्तों ने पतरातु थाना कांड सं. 209/25 एवं 220/25 में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने बताया कि दोनों घटनाओं को राहुल दुबे गैंग के आदेश पर अंजाम दिया गया। इसके अलावा कुज्जू ओपी क्षेत्र में महुआ टुंगरी में फायरिंग करने की योजना भी थी।
तुषार मिश्रा का अपराधिक इतिहास भी गंभीर है। उनके खिलाफ मांडर, रामगढ़ और अन्य थानों में चोरी, डकैती और हत्या प्रयास जैसे अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एसआईटी की कार्रवाई में शामिल थे – सहायक पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी विभिन्न थाना क्षेत्रों के साथ-साथ तकनीकी शाखा के कर्मी। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई न केवल घटनाओं के दोषियों को पकड़ने के लिए बल्कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और भविष्य में अपराध रोकने के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सुरक्षा बल अपराधियों के खिलाफ लगातार सतर्क हैं और किसी भी गंभीर घटना को रोकने के लिए तत्पर हैं।








