देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की त्वरित कार्यशैली का असर दून अस्पताल में देखने को मिला। मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के 48 घंटे के भीतर ही अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों के लिए नई जनसुविधाओं की व्यवस्था कर दी गई है।
शनिवार को मुख्यमंत्री धामी ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के वेटिंग एरिया में तीमारदारों के लिए पंखे, पेयजल और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। साथ ही साफ-सफाई, नियमित सैनिटाइजेशन और रंग-रोगन की व्यवस्था पर भी जोर दिया था।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद महज दो दिनों से भी कम समय में अस्पताल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सीसीयू के बाहर वेटिंग एरिया में पंखे लगवा दिए हैं। इससे उमस और गर्मी में तीमारदारों को राहत मिली है। इसके अलावा मास्क और सेनेटाइजर की भी समुचित व्यवस्था की गई है। अस्पताल परिसर की साफ-सफाई में भी स्पष्ट सुधार देखा गया है।
तीमारदारों ने इस त्वरित बदलाव पर मुख्यमंत्री धामी का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि कई बार उन्हें लंबे समय तक वेटिंग एरिया में रुकना पड़ता है, ऐसे में पंखे, सफाई और मास्क जैसी सुविधाओं का होना उनके लिए बड़ी राहत है। तीमारदारों ने यह भी बताया कि शनिवार को मुख्यमंत्री ने खुद उनसे अस्पताल की सुविधाओं पर फीडबैक लिया था और उसी का परिणाम है कि इतने कम समय में सुधार दिखाई देने लगा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “अस्पतालों में मरीजों के साथ-साथ तीमारदारों की सुविधाओं का भी ध्यान रखना आवश्यक है। कई बार तीमारदारों को अस्पताल में ही रात बितानी पड़ती है, इसलिए बुनियादी जनसुविधाओं की उपलब्धता जरूरी है। प्रदेश के सभी अस्पतालों में जनसुविधाओं को बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।”
दून अस्पताल में हुई यह पहल न केवल मरीजों और उनके परिजनों के लिए राहतभरी साबित होगी, बल्कि प्रदेश के अन्य अस्पतालों के लिए भी एक मिसाल बनेगी।








