पिथौरागढ़। पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं का पांचवां और अंतिम जत्था रविवार सुबह गूंजी के लिए रवाना हो गया है। इस दल में कुल 50 श्रद्धालु शामिल हैं, जिनमें 37 पुरुष और 13 महिलाएं हैं। सभी यात्री विभिन्न राज्यों से आकर इस आध्यात्मिक यात्रा में भाग ले रहे हैं।
शनिवार देर रात लगभग 10:30 बजे यह दल पिथौरागढ़ पहुंचा और केएमवीएन गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम किया। रविवार सुबह 7:30 बजे सभी यात्री गूंजी के लिए रवाना हो गए और संभावना है कि आज ही वे गूंजी पहुंच जाएंगे। यात्रा में यात्रियों की सुरक्षा और समन्वय के लिए लाइजनिंग अधिकारी मनु महाराज और ओम प्रकाश साथ चल रहे हैं।
हालांकि, शनिवार को चम्पावत के स्वाला क्षेत्र में सड़क बाधित होने के कारण यह जत्था तय समय से थोड़ी देरी से पिथौरागढ़ पहुंचा, लेकिन इसके बावजूद यात्रियों का उत्साह कम नहीं हुआ।
इस दल में देश के अलग-अलग राज्यों से आए श्रद्धालु शामिल हैं, जो इस आध्यात्मिक यात्रा के लिए एक साथ जुटे हैं। बिहार से 2, झारखंड से 1, तमिलनाडु से 4, छत्तीसगढ़ से 2, कर्नाटक से 4, तेलंगाना से 3, दिल्ली से 4, मध्य प्रदेश से 2, त्रिपुरा से 1, गुजरात से 8, महाराष्ट्र से 1, उत्तर प्रदेश से 6, हरियाणा से 3, राजस्थान से 6 और हिमाचल प्रदेश से 1 यात्री शामिल हैं।
इस बीच, चौथा दल लिपुलेख दर्रे को पार कर चीन सीमा में प्रवेश कर चुका है, और अपनी यात्रा के अगले चरण में बढ़ गया है। जिला प्रशासन यात्रा की लगातार निगरानी कर रहा है ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।








