---Advertisement---

प्रेस क्लब रुड़की चुनाव में रोचक मुकाबला: अध्यक्ष समेत सभी पदों पर कड़ा संघर्ष

रुड़की। प्रेस क्लब रुड़की समिति (रजिस्टर्ड) के वार्षिक चुनाव को लेकर चुनावी माहौल गरमाता जा रहा है। समिति के सात पदों के लिए कुल 16 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दाखिल किए थे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान दो प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए, जिनमें अध्यक्ष पद के एक उम्मीदवार और कोषाध्यक्ष पद के एक उम्मीदवार शामिल हैं। नाम वापसी के बाद अब सभी पदों पर चुनावी मुकाबला और अधिक रोचक हो गया है।

चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष सुभाष सक्सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने वाले विनय त्यागी तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए अभिषेक शर्मा ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। इसके बाद अध्यक्ष पद के लिए अब दीपक मिश्रा, सुनील पटेल और तोषेंद्र पाल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होगा।

उपाध्यक्ष पद पर रियाज कुरैशी और टीना शर्मा आमने-सामने हैं, जबकि महासचिव पद के लिए अनिल सैनी और अश्वनी उपाध्याय के बीच सीधा मुकाबला तय हो गया है। कोषाध्यक्ष पद पर योगराजपाल और विनीत त्यागी चुनावी मैदान में हैं। वहीं सचिव पद के लिए नितिन कश्यप और आयुष गुप्ता के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।

डायरेक्टर के दो पदों के लिए तीन प्रत्याशी — दीपक अरोड़ा, अंकित त्यागी और सुमित सैनी — चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

चुनाव संचालन समिति के सदस्य अरुण सोनकर, महेश्वर सिंह और मुकेश पांडे ने बताया कि 28 दिसंबर को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद तीन बजे से मतगणना शुरू की जाएगी और शाम तक चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

चुनाव को लेकर सभी प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए प्रेस क्लब के सदस्यों से लगातार संपर्क कर रहे हैं, जिससे चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।

 

Related Post