---Advertisement---

11 कुण्डीय हवन के साथ सरस्वती विद्या मंदिर में नए सत्र की शुरुआत, भक्तिमय हुआ परिसर

सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र की आवासीय कॉलोनी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में गुरुवार को नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक माहौल के बीच किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में ग्यारह कुण्डीय भव्य हवन-पूजन का आयोजन किया गया, जो पूरे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।

हवन कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। विद्यालय के प्राचार्य उमेश प्रसाद मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पंडित राजकुमार पाण्डेय ने विधि-विधानपूर्वक हवन एवं पूजन संपन्न कराया।

कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्य-आचार्याओं ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड पाठ और हनुमान चालीसा का सस्वर पाठ किया। इससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में गुंजायमान हो उठा और उपस्थित लोगों को एक अलग आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त हुई।

विद्यालय के भैया-बहनों (छात्र-छात्राओं) ने भी उत्साहपूर्वक हवन में भाग लिया। उन्होंने मंत्रोच्चारण के साथ आहुति देकर अपने जीवन में सकारात्मकता, अनुशासन और संस्कारों को अपनाने का संकल्प लिया। यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि विद्यार्थियों के नैतिक विकास के लिए भी प्रेरणादायक साबित हुआ।

इस अवसर पर आचार्या गायत्री कुमारी, ललिता गिरि, डॉ. गायत्री कुमारी, अमृता चौधरी, ममता कुमारी, पूनम सिंह, उषा कुमारी, रिंकी कुमारी, बच्चूलाल तिवारी, शम्मी राज, शशि कांत, शेखर कुमार, अमरदीप नाथ शाहदेव, श्लेष कुमार, रानी कुमारी, श्वेता पंडा, रोहित राज, देव कुमार, दुर्गा प्रसाद, अमित झा, अनूप झा सहित सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन मंगल आरती के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि नए सत्र में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, अनुशासित और संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान की जाएगी। विद्यालय में नियमित कक्षाएं 3 अप्रैल से प्रारंभ होंगी।

 

Related Post