माँ छिन्नमस्तिका का आशीर्वाद लेकर अयोध्या, काशी, प्रयागराज और विंध्याचल की यात्रा करेंगे 50+ बुजुर्ग तीर्थयात्री
रजरप्पा/चितरपुर।
सांसद तीर्थ दर्शन योजना का शुभारंभ आज दिनांक 19 जुलाई को रामगढ़ लोकसभा क्षेत्र के चितरपुर प्रखंड अंतर्गत भुचुंगड़ीह पंचायत से होने जा रहा है। इस अवसर पर स्थानीय सांसद मनीष जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहकर तीर्थयात्रा का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। दोपहर 2 बजे, बुजुर्ग तीर्थयात्री माँ छिन्नमस्तिका मंदिर, रजरप्पा में पूजा-अर्चना कर धार्मिक यात्रा के लिए प्रस्थान करेंगे।
यह योजना 50 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों का दर्शन कराने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई है। इस बार तीर्थयात्री राम मंदिर अयोध्या, विंध्याचल, काशी और प्रयागराज जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा करेंगे। इस पहल का उद्देश्य बुजुर्गों को धार्मिक एवं आध्यात्मिक अनुभव प्रदान कर उन्हें मानसिक और आत्मिक शांति देना है।
शुभारंभ से पूर्व चितरपुर मंडल कार्यालय में योजना की तैयारियों को लेकर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष गणेश प्रसाद ने की, जबकि संचालन चितरपुर मंडल सांसद प्रतिनिधि अर्जुन वर्मा ने किया। इस बैठक में रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे और संपूर्ण योजना की तैयारियों की समीक्षा की।
राजीव जायसवाल ने कहा कि यह योजना सांसद मनीष जायसवाल के नेतृत्व में प्रारंभ की गई एक ऐतिहासिक पहल है, जो वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों से जोड़ने के साथ-साथ भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संजोने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा, “सांसद मनीष जायसवाल लगातार अपने संसदीय क्षेत्र के समग्र विकास, जनकल्याण और सांस्कृतिक उत्थान हेतु प्रतिबद्ध हैं। तीर्थ दर्शन योजना उनके इसी दृष्टिकोण का परिणाम है।”
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि तीर्थयात्रियों का जगह-जगह स्वागत किया जाएगा और उनकी यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। पूरे मार्ग में स्वागत द्वार, भोजन व्यवस्था, और स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएंगी ताकि बुजुर्गों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में रामगढ़ विधानसभा सांसद प्रतिनिधि चंद्रशेखर चौधरी, पूर्व जिला मंत्री रमेश वर्मा, निरंजन वर्मा, अजय पटवा, कृष्णा केवट, छोटू केवट, सूरज वर्मा, सोनू सोनी, अमरदीप चौबे, देवधारी करमाली, झलकू रजक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना की और सांसद द्वारा बुजुर्गों के लिए की गई इस योजना को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जिला सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने कहा, “तीर्थ दर्शन योजना एक सामाजिक और सांस्कृतिक क्रांति है, जिसके माध्यम से बुजुर्गों को एक नया अनुभव और सम्मान मिल रहा है। आने वाले समय में और भी अधिक लोगों को इस योजना से जोड़ा जाएगा।”








