---Advertisement---

देहरादून में भव्य समारोह, मंत्री सुबोध उनियाल की मौजूदगी में हुआ सम्मान

देहरादून। सुभारती विश्वविद्यालय की प्रो. नितिका कौशल को मेडिकल एजुकेशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘भारत श्री राष्ट्रीय रत्न पुरस्कार–2026’ से सम्मानित किया गया। यह भव्य समारोह 21 फरवरी को देहरादून स्थित उज्ज्वल भवन में आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षा, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र की अनेक हस्तियां उपस्थित रहीं।

प्रो. कौशल ने अपने नेतृत्व में छात्र कल्याण, शैक्षणिक गुणवत्ता, व्यक्तित्व विकास और शोध उन्नयन के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहल की हैं। उनके मार्गदर्शन में संचालित विभिन्न कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सामाजिक उत्तरदायित्व और अकादमिक उत्कृष्टता को नई दिशा प्रदान की है। मेडिकल शिक्षा में नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पद्धति को बढ़ावा देने के लिए उनके प्रयासों की सराहना की गई।

समारोह में उत्तराखंड सरकार के वन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं विधायक सविता कपूर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इसके अतिरिक्त संदीप सिंघल, अजय कुमार सिंह और यूजेवीएन से जुड़े सुरेश चंद्र बलूनी भी समारोह में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आयोजन नरेंद्र सिंह, एन. के. यादव, एर. एच. के. उप्रेती, डॉ. प्रशांत अग्रवाल, डॉ. अतुल शर्मा और डॉ. रेशु गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती वंदना से हुआ और राष्ट्रगान के साथ समापन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अन्य विशिष्ट व्यक्तित्वों को भी सम्मानित किया गया।

Related Post