रानीखेत। पर्यटक नगरी रानीखेत में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां लोगों ने बाबा साहेब को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित मुख्य कार्यक्रम अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष विनोद भार्गव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन, उनके संघर्ष और समाज के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता मोहन नेगी ने उपस्थित लोगों से बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
इस दौरान जिला महामंत्री ध्यान सिंह नेगी, ललित मेहरा, दर्शन महरा, हिमांशु कुमार, मीडिया प्रभारी रामेश्वर गोयल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में बाबा साहेब के विचारों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
वहीं नगर के राबाइका विद्यालय में भी अंबेडकर जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां दीप प्रज्वलन के साथ बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या विमला बिष्ट ने विद्यार्थियों को बाबा साहेब के जीवन और भारतीय संविधान के महत्व के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के तहत निबंध और पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर शिक्षिकाएं नीरू पांडे, विजय तिवारी, मीनाक्षी उप्रेती जोशी, कंचन रावत, सुनीता बोरा, पूनम पड़लिया और डॉ. राधा सहित अनेक छात्राएं उपस्थित रहीं।
पूरे आयोजन के दौरान बाबा साहेब के विचारों और उनके योगदान को याद करते हुए समाज में समानता और न्याय के संदेश को दोहराया गया।








