---Advertisement---

गंगा में मिला युवती का शव: हरियाणा से हरिद्वार तक कैसे पहुंची दीपांशी?

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरागी कैंप के पास शुक्रवार को गंगा नदी में मिली युवती के शव की पहचान हो गई है। मृतका की शिनाख्त दीपांशी शर्मा के रूप में हुई है, जो हरियाणा के सोनीपत जिले की रहने वाली थी। दीपांशी की उम्र 24 वर्ष बताई जा रही है और वह बीते 18 दिसंबर से लापता थी।

पुलिस के अनुसार, सोनीपत में दीपांशी शर्मा पुत्री दिनेश शर्मा की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही दर्ज कराई गई थी। परिजन और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी बीच 19 दिसंबर को कनखल थाना क्षेत्र के बैरागी कैंप के समीप गंगा में एक युवती का शव फंसा हुआ मिला, जिसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की। बाद में शव की पहचान दीपांशी शर्मा के रूप में हो गई। इसकी जानकारी तुरंत परिजनों को दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से परिजनों में शोक की लहर है और क्षेत्र में भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।

Related Post