---Advertisement---

पैराग्लाइडिंग से रिवर्स बंजी तक रोमांच की शुरुआत, नयार घाटी को पर्यटन की नई पहचान

पौड़ी/गढ़वाल  जनपद पौड़ी गढ़वाल के बिलखेत में आयोजित नयार वैली फेस्टिवल का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भव्य समारोह के बीच किया। उनके साथ पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज और विधायक राजकुमार पोरी भी उपस्थित रहे। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने अतिथियों का स्वागत किया, जिससे कार्यक्रम स्थल पर उत्सव का माहौल नजर आया।

मुख्यमंत्री ने नयार महोत्सव की आधिकारिक टी-शर्ट का अनावरण करते हुए कहा कि यह आयोजन नयार घाटी की पर्यटन, सांस्कृतिक और साहसिक संभावनाओं को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की लाभार्थी करिश्मा और सलोनी को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। योगिता की गोदभराई की रस्म संपन्न कराई गई और बालिका वैष्णवी को नेम प्लेट भेंट की गई। समाज कल्याण विभाग के तहत तुलसीदास और बीरेन्द्र को दिव्यांग उपकरण वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने महिला समूहों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर बल दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, हॉट एयर बैलून, माउंटेन बाइकिंग, कयाकिंग, एंगलिंग, जिपलाइन, बर्मा ब्रिज और रिवर्स बंजी जैसी एडवेंचर गतिविधियों का फ्लैग ऑफ कर औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नयार वैली प्राकृतिक सुंदरता और रोमांचक पर्यटन के लिए बेहद उपयुक्त क्षेत्र है। ऐसे आयोजन स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगे।

मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को होली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नयार घाटी सहित पौड़ी गढ़वाल का यह इलाका अपनी मनमोहक प्राकृतिक छटा और शांत वातावरण के कारण पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू सकता है।

 

Related Post