---Advertisement---

स्वामी विवेकानंद मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का धमाकेदार आगाज़, गढ़वाल और बिहार रेजिमेंट विजयी

देहरादून।
सर्वगुण ज्ञानोदय ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित *तृतीय द ग्रेट स्वामी विवेकानंद मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट* का शनिवार को पवेलियन ग्राउंड में उत्साहपूर्ण आगाज़ हुआ। टूर्नामेंट के पहले ही दिन सेना की दो टीमों—13 गढ़वाल राइफल्स और 6 बिहार रेजिमेंट—ने शानदार जीत दर्ज कर अपने अभियान की मजबूत शुरुआत की।

टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि रामकृष्ण मिशन आश्रम, देहरादून के अध्यक्ष स्वामी असीमात्मानंद महाराज तथा जेजे बिल्डटेक के चेयरमैन राज लुंबा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन के अवसर पर खेल भावना और अनुशासन पर विशेष जोर दिया गया।

पहला मुकाबला 13 गढ़वाल राइफल्स और प्रेरणा एफसी के बीच खेला गया। मैच के 11वें मिनट में 13 गढ़वाल राइफल्स के फॉरवर्ड अभिषेक ने शानदार गोल दागकर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। मध्यांतर के बाद गढ़वाल राइफल्स ने आक्रामक खेल जारी रखा। 62वें मिनट में लेफ्ट आउट विकास ने विपक्षी डी के बाहर से बेहतरीन गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। इसके बाद 68वें मिनट में प्रेरणा एफसी के आयुष ने गोल कर मुकाबले को 2-1 तक पहुंचाया, लेकिन 74वें मिनट में अभिषेक ने अपना दूसरा गोल दागकर टीम को 3-1 से जीत दिला दी। इस मैच में गढ़वाल राइफल्स के मुकेश बिष्ट को *मैन ऑफ द मैच* चुना गया।

दिन का दूसरा मुकाबला स्पोर्ट्स स्ट्राइव और 6 बिहार रेजिमेंट के बीच खेला गया। बिहार रेजिमेंट ने शुरुआत से ही बेहतर तालमेल और रणनीति के साथ खेलते हुए दबदबा बनाए रखा। 24वें मिनट में फॉरवर्ड दीपक ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। मध्यांतर के बाद भी बिहार रेजिमेंट का नियंत्रण बना रहा और 74वें मिनट में बिरसा पूर्ती ने गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। इस मैच में बिरसा पूर्ती को *मैन ऑफ द मैच* घोषित किया गया।

मैचों में प्रशांत बिष्ट, प्रदीप नेगी, सुमित सिंह, मिलन क्षेत्री और रवि सकलानी ने रेफरी की भूमिका निभाई।
रविवार को टूर्नामेंट में दून चैलेंजर्स बनाम डीएफए तथा हिमालयन एफसी बनाम ड्रैगन एफसी के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।

Related Post