---Advertisement---

महेंद्र भट्ट पर सस्पेंस: क्या बदलेगा उत्तराखंड भाजपा का अध्यक्ष?

 अजय कुमार 2019 से उत्तराखंड भाजपा में लगातार चुनावी सफलताओं के रहे सारथी

 सांगठनिक बदलाव को कमजोरी के बजाय नई ऊर्जा फूंकने का रूटीन रोटेशन माना जा रहा

 

ममता सिंह, देहरादून।

उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी के भीतर सोमवार को एक बड़ा संगठनात्मक उलटफेर देखने को मिला है। लंबे समय से उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री के रूप में पर्दे के पीछे से पार्टी की कमान संभाल रहे अजय कुमार को केंद्रीय नेतृत्व ने इस पद से मुक्त कर दिया है। हालांकि, इसे पूरी तरह ‘छुट्टी’ या राजनीतिक रूप से किनारे लगाना नहीं कहा जा सकता, क्योंकि पार्टी ने उनके संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए उन्हें राजस्थान भाजपा का नया प्रदेश संगठन महामंत्री नियुक्त कर दिया है। अजय कुमार वर्ष 2019 से उत्तराखंड में इस महत्वपूर्ण पद पर जमे हुए थे और उनके कार्यकाल में पार्टी ने राज्य में लगातार चुनावी सफलताएं हासिल की थीं।

इस बड़े बदलाव के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को भी हटाने की तैयारी चल रही है। दरअसल, राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा राज्य के शीर्ष संगठनात्मक ढांचे में किए गए इस बदलाव को आगामी चुनावों और सांगठनिक कसावट से जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों की मानें तो पार्टी के कुछ अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के दायित्वों में भी आने वाले दिनों में फेरबदल हो सकता है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष के भविष्य को लेकर भी कयासबाजी का दौर शुरू हो गया है, हालांकि केंद्रीय नेतृत्व की ओर से इस पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

जहां तक संगठन के कमजोर होने का सवाल है, तो विश्लेषणात्मक दृष्टि से इसे कमजोरी के बजाय ‘रूटीन रोटेशन’ और नई ऊर्जा फूंकने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। हाल ही में राष्ट्रीय नेतृत्व ने उत्तराखंड भाजपा के कार्यों और सरकार के साथ बेहतर समन्वय की खुलकर तारीफ की थी। भाजपा में संगठन महामंत्री का पद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और पार्टी के बीच सेतु का काम करता है। अजय कुमार का राजस्थान तबादला उनके काम की महत्ता को दर्शाता है, क्योंकि राजस्थान जैसे बड़े राज्य में पार्टी के आंतरिक गुटों को साधने के लिए केंद्रीय नेतृत्व को एक अनुभवी चेहरे की जरूरत थी। उत्तराखंड में जल्द ही नए संगठन महामंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---