---Advertisement---

रामगढ़ में जल्द शुरू होगा नया स्विमिंग पूल, खिलाड़ियों के लिए उपायुक्त ने किए बड़े ऐलान

 रामगढ़। उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला खेलकूद एवं पर्यटन कार्यालय द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और खेल गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में हुई इस बैठक में जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार, खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने फुटबॉल, बैडमिंटन, जूडो, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल संगठनों के प्रतिनिधियों से परिचय प्राप्त किया और उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। समीक्षा के क्रम में उन्होंने छत्तरमांडू स्थित नवनिर्मित स्विमिंग पूल का संचालन जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही स्विमिंग पूल और इंडोर स्टेडियम स्थित बैडमिंटन कोर्ट में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

उपायुक्त ने सिदो-कान्हू स्टेडियम, रामगढ़ में विभिन्न खेल मैदानों और कोर्ट के विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में उपलब्ध छोटे-छोटे भूखंडों को चिन्हित कर वहां नेट क्रिकेट, पिकल बॉल और अन्य आधुनिक खेल गतिविधियां शुरू करने की योजना पर भी जोर दिया।

बैठक में प्रखंड स्तर पर खेल स्टेडियमों की पहचान और विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। गांधी स्मारक प्लस टू उच्च विद्यालय में संचालित फुटबॉल डे-बोर्डिंग सेंटर की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने खिलाड़ियों के लिए आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश जिला खेल पदाधिकारी को दिया।

इसके अलावा जिले में “खेल बैंक” स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने खेल बैंक के लिए आवश्यक उपकरणों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए ताकि जरूरतमंद खिलाड़ियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रामगढ़ के खिलाड़ियों को सम्मानित करने तथा खेल संगठनों को नियमानुसार पंजीकरण कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही बड़े खेल आयोजनों के दौरान खिलाड़ियों के ठहरने और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने को कहा।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---