देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला और कहा कि सुप्रीम कोर्ट का हालिया निर्णय कांग्रेस के आरोपों को सही साबित करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार चेतावनी देती रही है कि मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर धांधली की जा रही है और भाजपा इसी गड़बड़ी के सहारे लोकतंत्र को हाईजैक करने की साज़िश रच रही है।
गरिमा ने कहा कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहा “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान इस फैसले के बाद और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया है कि राज्य निर्वाचन आयोग का रवैया पूरी तरह असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक था। अदालत ने आयोग पर ₹2 लाख का जुर्माना लगाकर यह सख्त संदेश दिया है कि लोकतंत्र से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर क्यों बार-बार चुनाव आयोग और मतदाता सूची पर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या यह महज़ संयोग है या फिर भाजपा की सुनियोजित साज़िश? उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग का परिपत्र, जिसमें कहा गया था कि किसी व्यक्ति का नाम दोहरी मतदाता सूचियों में होने के बावजूद नामांकन रद्द न किया जाए, भाजपा के “डबल वोटर–डबल खेल” का सबूत है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि न्यायपालिका ने इस मामले में लोकतंत्र की रक्षा की है। पहले हाईकोर्ट और अब सुप्रीम कोर्ट, दोनों ने भाजपा के इस खेल पर सख्ती दिखाई है। यह निर्णय न केवल लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है बल्कि भाजपा सरकार के नापाक इरादों का पर्दाफाश भी करता है।
गरिमा ने कहा कि भाजपा ने मतदाता सूची में गड़बड़ी करके युवाओं, किसानों और आम नागरिकों के मताधिकार पर हमला बोला है। लेकिन अब जनता समझ चुकी है कि भाजपा “डबल इंजन” के नाम पर वास्तव में “डबल वोटर–डबल खेल” चला रही है। कांग्रेस ने साफ किया कि वह लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर कीमत पर संघर्ष जारी रखेगी।








