---Advertisement---

श्रावणी मेला ड्यूटी के दौरान जवान की आकस्मिक मृत्यु

देवघर, झारखंड। श्रावणी मेला-2025 के अंतर्गत देवघर में ड्यूटी पर तैनात एक जवान की हृदयाघात से आकस्मिक मृत्यु हो गई है। मृतक जवान की पहचान वरदान उरांव, जिला गढ़वा बल के जवान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से रांची जिला अंतर्गत बोडो थाना क्षेत्र के चाचकोपी गांव के निवासी थे।

दिनांक 15 जुलाई 2025 की रात्रि में वरदान उरांव की ड्यूटी देवघर बीएड कॉलेज परिसर में थी, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। तत्काल उन्हें देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया। प्रारंभिक चिकित्सा के बाद उन्हें रांची रिम्स रेफर किया गया, परंतु रांची ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।

जवान का पार्थिव शरीर एंबुलेंस के माध्यम से देवघर वापस लाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया देवघर पुलिस की देखरेख में की जा रही है।

इस दुखद घटना से संपूर्ण पुलिस विभाग एवं जिला प्रशासन गहरा शोक व्यक्त करता है। जवान की निष्ठा, सेवा और कर्तव्यपरायणता को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है। विभाग द्वारा शोक संतप्त परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।

Related Post