---Advertisement---

अधिकारियों पर सख्त धन सिंह रावत, अधूरी तैयारी पर लगी फटकार

देहरादून। प्रदेश के सहकारी संघों को पेशेवर और प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। सहकारिता विभाग के अंतर्गत कार्यरत विभिन्न सहकारी संघों के प्रभावी संचालन और पेशेवर प्रबंधन के लिए **प्रोफेशनल मैनेजिंग डायरेक्टर (एमडी)** तैनात किए जाएंगे। यह जानकारी सूबे के सहकारिता मंत्री **डॉ. धन सिंह रावत** ने देहरादून में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान दी।

बैठक में मंत्री ने दून सहकारी बाजार और निबंधक सहकारिता कार्यालय के निर्माण कार्यों में हो रही अनावश्यक देरी पर गहरी नाराजगी जताई। आधी-अधूरी तैयारी के साथ बैठक में पहुंचे अधिकारियों को उन्होंने कड़ी फटकार लगाते हुए इसे घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता करार दिया। साथ ही भविष्य में पूरी तैयारी के साथ बैठक में उपस्थित होने की सख्त चेतावनी भी दी।

डॉ. रावत ने निबंधक सहकारिता को दून सहकारी बाजार एवं निबंधक कार्यालय के निर्माण कार्य **शीघ्र शुरू** कराने के स्पष्ट निर्देश दिए। इसके साथ ही सहकारिता विभाग में **एआर (अपर निबंधक) और डीआर (उप निबंधक)** के डीपीसी प्रस्ताव शीघ्र राज्य लोक सेवा आयोग को भेजने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सहकारी संघ (यूसीएफ), उत्तराखंड सहकारी रेशम संघ, उत्तराखंड राज्य भंडार निगम तथा उत्तराखंड आवास एवं निर्माण सहकारी संघ को वर्तमान समय की बाजार प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार करना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए इन सभी संघों में पेशेवर प्रबंधन लागू करते हुए प्रोफेशनल एमडी की तैनाती का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

इसके अतिरिक्त मंत्री ने **रायवाला कृषि समिति, एंग्लो-इंडियन सोसायटी, बीएचईएल हरिद्वार गृह निर्माण समिति तथा श्रीनगर** में सहकारिता विभाग की भूमि पर हुए अवैध कब्जों और लंबित विवादों को शीघ्र सुलझाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में सचिव सहकारिता **डॉ. इकबाल अहमद**, निबंधक सहकारिता **डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट**, अपर निबंधक **ईरा उप्रेती**, संयुक्त निबंधक **नीरज बेलवाल**, **एम.पी. त्रिपाठी**, उप निबंधक **रमिंद्री मंदरवाल**, जिला सहायक निबंधक देहरादून **बी.एस. मनराल**, **सुमन कुमार** सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post