देहरादून। यूके ट्रिपल एससी परीक्षा पेपर लीक मामले में परेड मैदान पर चार दिनों से धरने पर बैठे बेरोजगार युवाओं के बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना आज पहुंचे। उनके साथ कई वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी भी मौजूद थे। धरना स्थल पर युवाओं ने धस्माना का करतल ध्वनि और तालियों से स्वागत किया।
धरने को संबोधित करते हुए धस्माना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का हर कार्यकर्ता और नेतृत्व प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य के युवाओं के साथ धोखा किया है। पिछले आठ साल से राज्य के सभी विभागों में भर्तियां बंद रही हैं और जिन परीक्षाओं का आयोजन हुआ, उनमें पेपर लीक जैसे घोटाले सामने आए हैं।
धस्माना ने कहा कि राज्य निर्माण की पच्चीसवीं वर्षगांठ पर भी युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने पहले दिन ही पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच हाई कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में कराने की मांग की थी। भाजपा सरकार लगातार इस मांग से किनारा कर रही है, जबकि पेपर लीक और भर्ती घोटालों में भाजपा से जुड़े लोग संलिप्त पाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि रविवार को यूपीके ट्रिपल एससी परीक्षा के पेपर लीक के बाद भाजपा नेता हाकम सिंह गिरफ्तार हुए, जिससे यह अंदेशा और बढ़ गया कि परीक्षा में गड़बड़ी हुई है। धस्माना ने युवाओं को आश्वस्त किया कि कांग्रेस पूरी ताकत से इस लड़ाई को लड़ेगी। उन्होंने शुक्रवार को राज्यभर के जिला मुख्यालयों पर धरना कार्यक्रम और आगे चलकर मुख्यमंत्री आवास व राज्यपाल आवास कूच का ऐलान भी किया।
धरने में कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा के मीडिया सलाहकार सरदार अमरजीत सिंह, प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान, राजेंद्र शाह, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, शीशपाल सिंह बिष्ट, श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, युवा इंटक अध्यक्ष पंकज क्षेत्री समेत कई अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
धस्माना ने कहा कि यदि सरकार सच में युवाओं के हित में कार्रवाई करना चाहती है तो हाई कोर्ट के निगरानी में सीबीआई जांच करवानी होगी ताकि मामला स्पष्ट हो और दोषियों को दंडित किया जा सके।








