---Advertisement---

‘कृष्णावतारम’ की सफलता के बीच हरिद्वार पहुंचे सितारे, संतों से मिला खास आशीर्वाद

देहरादून। भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों पर आधारित फिल्म ‘कृष्णावतारम पार्ट 1 – द हार्ट’ दर्शकों के बीच लगातार लोकप्रियता हासिल कर रही है। देशभर के सिनेमाघरों में सफलतापूर्वक चौथे सप्ताह में प्रवेश करने के बाद फिल्म की टीम ने हरिद्वार और ऋषिकेश पहुंचकर संत-महात्माओं का आशीर्वाद लिया और फिल्म की सफलता के लिए प्रार्थना की।

फिल्म के मुख्य अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता, अभिनेत्री संस्कृति जयाना, जिन्होंने फिल्म में सत्यभामा की भूमिका निभाई है, तथा निर्माता साजन राज कुरूप इस विशेष आध्यात्मिक यात्रा का हिस्सा बने। टीम ने हरिद्वार में गंगा स्नान किया, गंगा आरती में भाग लिया और विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन किए।

यात्रा के दौरान कलाकारों ने योग गुरु बाबा रामदेव, स्वामी अवधेशानंद गिरी तथा स्वामी चिदानंद सरस्वती से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। संतों ने फिल्म की सफलता की कामना करते हुए भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को सिनेमा के माध्यम से प्रस्तुत करने के प्रयास की सराहना की।

देहरादून निवासी अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता के लिए यह यात्रा भावनात्मक रूप से भी बेहद खास रही। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड उनकी जन्मभूमि है और यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा उन्हें हमेशा आकर्षित करती है। हरिद्वार और ऋषिकेश में बिताया गया समय उनके लिए यादगार अनुभव रहा।

फिल्म के निर्माता साजन राज कुरूप ने कहा कि आध्यात्मिक विषय पर आधारित इस फिल्म के लिए संतों का आशीर्वाद बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फिल्म को मिल रहा प्यार और समर्थन पूरी टीम के लिए प्रेरणादायक है।

फिल्म की मजबूत कहानी, सांस्कृतिक संदेश और आध्यात्मिक पृष्ठभूमि के कारण चौथे सप्ताह में भी दर्शकों का उत्साह बना हुआ है। फिल्म की टीम को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भी ‘कृष्णावतारम पार्ट 1 – द हार्ट’ दर्शकों के दिलों में अपनी विशेष जगह बनाए रखेगी।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---