हरिद्वार, 27 जुलाई: सावन के पावन अवसर पर रविवार सुबह हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक भगदड़ की स्थिति बन गई। हादसे में अब तक 6 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें 12 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सुबह 9:30 बजे घटी घटना
गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने बताया कि हादसा रविवार सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंदिर मार्ग पर अचानक एक हाई वोल्टेज बिजली का तार गिर गया, जिससे भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए भागने लगे, इसी दौरान कई श्रद्धालु नीचे गिर पड़े और कुचलने से उनकी मृत्यु हो गई।
एसडीआरएफ और पुलिस का राहत कार्य जारी
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ की तीन टीमें, स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। सीढ़ी मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और पूरे क्षेत्र को घेरकर भीड़ नियंत्रित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, “घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता और घायलों को बेहतर इलाज प्रदान किया जाएगा।”
वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली कमान
हादसे के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। बाद में उन्होंने जिला अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल भी जाना और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की।
श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल
हादसे के बाद श्रद्धालुओं में भय और असुरक्षा का माहौल है। सावन के महीने में मनसा देवी मंदिर में भारी भीड़ उमड़ती है, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों की कमी ने इस हादसे को जन्म दिया। प्रशासन ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए है।








