---Advertisement---

राधा गोविन्द विश्वविद्यालय में खास व्याख्यान, छात्रों को मिला करियर मंत्र

रामगढ़। राधा गोविन्द विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के शैक्षणिक और बौद्धिक विकास को ध्यान में रखते हुए एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के सेमिनार हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय “ट्रांसफॉर्मिंग लेंसेस इन हायर एजुकेशन” रहा, जिसमें उच्च शिक्षा के बदलते परिदृश्य पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो (डॉ) रश्मि ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों, वक्ताओं और विद्यार्थियों का अभिनंदन किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह सत्र सभी के लिए प्रेरणादायक और उपयोगी सिद्ध होगा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ राजेश पंकज ने अपने संबोधन में कहा कि उच्च शिक्षा केवल अवसर प्रदान नहीं करती, बल्कि युवाओं को स्वयं अवसर सृजित करना सिखाती है। उन्होंने नवाचार, शोध पद्धति, कौशल विकास और करियर निर्माण जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी और विद्यार्थियों के साथ संवाद भी किया।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी एन साह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों के व्यक्तित्व विकास और ज्ञानवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नई सोच और उत्कृष्टता की भावना विकसित करते हैं।

कार्यक्रम का संचालन डॉ अमरेश पांडेय और धन्यवाद ज्ञापन डॉ रंजना पांडेय ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Post