---Advertisement---

हल्द्वानी से नैनीताल तक लगेंगे विशेष शिविर, जानिए कब और कहां मिलेगा योजनाओं का लाभ

नैनीताल/हल्द्वानी। आम जनता को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से शुरू किया गया **“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान** अब 20 फरवरी 2026 तक जारी रहेगा। अभियान की अवधि बढ़ाए जाने से जनपद नैनीताल के शहरी क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने का एक और अवसर मिलेगा। इस अभियान के तहत जिले के **सात प्रमुख शहरों में बहुउद्देशीय विशेष शिविर** आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी **ललित मोहन रयाल** ने बताया कि अभियान का विस्तार इसलिए किया गया है ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने बताया कि इन शिविरों में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ आवेदन, पंजीकरण और समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।

जिलाधिकारी के अनुसार, नगर निगम **हल्द्वानी में 9 फरवरी**, **रामनगर नगर पालिका में 11 फरवरी**, **कालाढूगी नगर पंचायत में 12 फरवरी**, **भवाली नगर पालिका में 16 फरवरी**, **लालकुंआ नगर पंचायत में 18 फरवरी**, **भीमताल नगर पालिका में 19 फरवरी** तथा **नगर पालिका नैनीताल में 20 फरवरी 2026** को ये विशेष शिविर आयोजित होंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इन शिविरों में सामाजिक कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, नगर निकाय, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। नागरिकों को पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, स्वरोजगार योजनाएं, प्रमाण पत्र एवं अन्य जनसेवाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे **रोस्टर के अनुसार नोडल अधिकारी नियुक्त कर** शिविरों में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सरल प्रक्रिया के तहत दिया जाए। प्रशासन का मानना है कि यह अभियान शासन और जनता के बीच की दूरी को कम करने में प्रभावी साबित होगा।

Related Post