देहरादून। शहर में शहीदों के सम्मान को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। नगर निगम देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए एक अहम प्रस्ताव को तत्काल मंजूरी दे दी है। यह प्रस्ताव वार्ड 10 डोभालवाला के पार्षद मोहन बहुगुणा और बकरालवाला के पार्षद अशोक डोबरियाल द्वारा सौंपा गया था।
पार्षदों ने अपने पत्र में मांग की थी कि राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नेशविला रोड मार्ग पर शहीद विभूति नारायण धौंडियाल की स्मृति में एक भव्य “स्मृति द्वार” का निर्माण कराया जाए। उन्होंने बताया कि यह द्वार न केवल शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी उनके बलिदान की याद दिलाएगा।
इस मांग को गंभीरता से लेते हुए मेयर सौरभ थपलियाल ने तुरंत प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी। उन्होंने नगर निगम के निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि संबंधित स्थल का शीघ्र निरीक्षण किया जाए और स्मृति द्वार के निर्माण के लिए विस्तृत एस्टिमेट तैयार किया जाए।
स्थानीय लोगों में इस निर्णय को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि यह स्मृति द्वार शहीद के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा और शहर की पहचान को भी एक नई दिशा देगा।
बताया जा रहा है कि प्रस्तावित “शहीद विभूति नारायण धौंडियाल स्मृति द्वार” को आकर्षक और गरिमामय स्वरूप दिया जाएगा, जिससे यह स्थान लोगों के लिए प्रेरणा का केंद्र बन सके। नगर निगम की ओर से जल्द ही निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई जा रही है।
यह निर्णय न केवल शहीदों के प्रति सम्मान को दर्शाता है, बल्कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय का भी उदाहरण है।








