देहरादून। नगर निगम देहरादून में हाल ही में महापौर Saurabh Thapliyal की सख्त कार्यशैली का असर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को पार्षदों ने महापौर का पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा निगम अधिकारियों पर सख्ती बरतने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले महापौर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम अधिकारियों की बैठक ली थी, जिसमें उन्होंने कार्यों में लापरवाही बरतने पर कड़ी चेतावनी दी थी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि शहर के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
महापौर की इस सख्ती का सकारात्मक प्रभाव अब नजर आने लगा है। नगर निगम के टैक्स अनुभाग द्वारा इस वर्ष लगभग 72 करोड़ रुपये की कर वसूली की गई है, जिससे शहर में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। पार्षदों का मानना है कि यह उपलब्धि महापौर की सक्रियता और प्रशासनिक सख्ती का परिणाम है।
इस उपलब्धि पर पार्षदों ने महापौर को बधाई देते हुए कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली में सुधार हुआ है और विकास कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी इसी तरह सख्त और प्रभावी नेतृत्व के चलते शहर का समग्र विकास होगा।
महापौर ने इस अवसर पर पार्षदों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहर के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने दोहराया कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।








