तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच अयप्प भक्तों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना कुम्बिडुमदुरई के समुद्र तटीय मार्ग पर उस समय हुई, जब आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम इलाके से आए भक्त अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर रहे थे। वे रामेश्वरम के दर्शन के लिए जा रहे थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही कार, जो कथित तौर पर डीएमके नगर मंडल अध्यक्ष की बताई जा रही है, ने खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आंध्र प्रदेश पंजीकरण संख्या वाली कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल सात लोगों को रामनाथपुरम सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना की FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दुर्घटना का कारण लापरवाही, तेज रफ्तार या किसी अन्य वजह से हुआ।








