देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के होनहार शटलरों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन किया है। जयपुर, राजस्थान में आयोजित यूनेक्स सनराइज ऑल इंडिया सब जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में एसबीपीएस के खिलाड़ियों ने एक गोल्ड, एक सिल्वर और दो ब्रांज मेडल अपने नाम किए।
टूर्नामेंट में विद्यालय की बैडमिंटन खिलाड़ी शुभांगी चौधरी ने अंडर-17 मिक्स्ड डबल्स स्पर्धा में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। शुभांगी ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन तालमेल, तेज रिफ्लेक्स और रणनीतिक खेल का परिचय दिया। इसके अलावा शुभांगी ने अपनी जोड़ीदार अलीशा भंडारी के साथ गर्ल्स अंडर-17 डबल्स प्रतियोगिता में ब्रांज मेडल भी जीता।
बैडमिंटन कोच ओम सिमल्टी ने जानकारी देते हुए बताया कि बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसी प्रतियोगिता में एसबीपीएस के खिलाड़ी आदित्य नेगी ने अंडर-15 बॉयज डबल्स वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वहीं अन्य मुकाबलों में एसबीपीएस के शटलरों ने भी दमदार खेल दिखाते हुए दो ब्रांज मेडल हासिल किए।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 28 जनवरी से 5 फरवरी 2026 तक जयपुर में आयोजित की गई, जिसमें अंडर-15 और अंडर-17 वर्गों में मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन पर बलूनी ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर विपिन बलूनी ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता अन्य छात्रों और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि एसबीपीएस विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलों को विशेष महत्व देता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।








