---Advertisement---

पिकअप-कंटेनर टक्कर में सात बच्चे और चार महिलाओं ने गंवाई जान

जयपुर। राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। दौसा-मनोहपुर रोड पर बापी के पास सुबह करीब चार बजे एक कंटेनर और यात्री पिकअप की जोरदार टक्कर में 11 श्रद्धालुओं की जान चली गई। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के कासगंज (एटा) जिले के रहने वाले थे और खाटूश्यामजी के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे।

दौसा जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब पिकअप में सवार श्रद्धालु बापी से गुजर रहे थे। पीछे से आ रहे कंटेनर ने पिकअप को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, पिकअप में 22 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। मृतकों में सात बच्चे और चार महिलाएं शामिल हैं। मृतकों में पूर्वी (3), प्रियंका (25), दक्ष (12), शीला (35), सीमा (25), अंशु (26) और सौरभ (35) की पहचान हो चुकी है, जबकि चार अन्य की शिनाख्त जारी है।

हादसे में गंभीर रूप से घायल सीमा (23) पत्नी मनोज, मनोज (25) पुत्र लाखन, नैतिक (8) पुत्र सौरभ, प्रियंका पत्नी लाखन, रीता (26) पत्नी सौरभ, लक्ष्य (7) पुत्र सौरभ, नीरज (20) पत्नी जशवंत राजपूत, सौरभ (26) पुत्र खूबकरण राजपूत और सौरभ (32) पुत्र ज्ञान सिंह राजपूत को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। वहीं, चार मामूली घायलों का इलाज दौसा जिला अस्पताल में चल रहा है।

प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए पीड़ित परिजनों से संपर्क साधा है और उन्हें सहायता राशि व हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Post