रुड़की। पवित्र माह रमजान के अवसर पर Khidmate Khalk Committee Shekhpura की ओर से सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को राशन किट वितरित की गई। यह कार्यक्रम Muskan Palace में आयोजित किया गया, जहां गरीब, विधवा और बेसहारा परिवारों को राहत सामग्री प्रदान की गई।
कमेटी के अध्यक्ष मेजर सूबेदार कारी रागिबुल्लाह ने कहा कि रमजान केवल रोजा रखने और नमाज अदा करने का नाम नहीं है, बल्कि इस्लाम के उसूलों के अनुसार गरीबों, यतीमों और जरूरतमंदों की मदद करना भी एक महत्वपूर्ण इबादत है। उन्होंने कहा कि यदि पड़ोस में कोई व्यक्ति भूखा या परेशान है, तो उसकी सहायता करना भी धार्मिक कर्तव्य है।
उन्होंने बताया कि यह पहल केवल इस्लामी मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से की जाती है और इसका मकसद किसी प्रकार का प्रचार या प्रदर्शन नहीं है। उनका कहना है कि समाज के सक्षम लोगों को भी आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए, ताकि समाज में आपसी सहयोग और भाईचारा बना रहे।
मेजर रागिबुल्लाह ने यह भी बताया कि रमजान के अलावा सर्दियों के मौसम में भी गरीब और बेसहारा लोगों को कंबल और गर्म कपड़े वितरित किए जाते हैं। यह सेवा कार्य निरंतर जारी रहता है और भविष्य में भी इसी तरह चलता रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित जमाते इस्लामी के डॉ. Tahir Hussain ने कहा कि मेजर रागिबुल्लाह समाज सेवा और मानवता को सर्वोपरि मानते हैं। उनके प्रयास इस बात का उदाहरण हैं कि इंसानियत की सेवा ही सबसे बड़ी इबादत है।
इस मौके पर मोहम्मद शाकिर, मोहम्मद जाकिर, अफजल मंगलौरी, सलमान फरीदी, इमरान देशभक्त और सैयद नफीसुल हसन सहित कई लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।








