पिछली रात रजरप्पा क्षेत्र की सुरक्षा टीम द्वारा गश्ती के दौरान कोयला चोरी की बड़ी गतिविधि का खुलासा हुआ। कई मोटरसाइकिल सवार कोयला चोरों को कोयला स्टॉक से चोरी करते हुए पकड़ा गया। पूरी रात चले इस अभियान के दौरान अधिकांश चोर अंधेरे का लाभ उठाकर खदान क्षेत्र से भागने में सफल रहे और सुरक्षा टीम के साथ लुका-छिपी का खेल खेलते रहे।
इस दौरान कुछ चोर पकड़े गए और उनकी मोटरसाइकिलें सुरक्षा टीम द्वारा क्षतिग्रस्त की गईं। पूछताछ में उन्होंने अपना पता भुचुंगडीह गांव बताया, जो खदान क्षेत्र से सटा हुआ है।
इसी बीच, एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या JH24G 8965) पर सवार तीन चोरों को सुरक्षा टीम ने रोका। उनके पास खदान से चोरी किया गया लोहे का सामान मिला। पूछताछ में उनमें से एक ने अपना नाम आरिफ़ अंसारी उर्फ़ मास, निवासी भुचुंगडीह, बताया। जब उन्हें बोलेरो गाड़ी में बैठाकर पुलिस थाने ले जाने का प्रयास किया गया तो तीनों चोर मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए।
यह उल्लेखनीय है कि हाल ही में सुरक्षा कर्मियों पर हमले की एक घटना हुई थी, जिसमें शामिल संदिग्ध हमलावर भी भुचुंगडीह गांव से ही है।
विगत कुछ महीनों में प्रोजेक्ट से बिजली खंभा, पाइप, बिजली के तार, मशीनों के पार्ट्स आदि की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है।
क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी आशीष झा ने कहा खदान क्षेत्र में घुसपैठ करने वाले अधिकांश चोर और असामाजिक तत्व भुचुंगडीह गांव के ही हैं। गांव के सभी निवासियों से निवेदन है कि वे ऐसी अवैध गतिविधियों में शामिल न हों और अपने आसपास के लोगों को भी ऐसी गतिविधियाँ न करने के लिए जागरूक करें। ऐसे कृत्य एक सभ्य समाज के लिए धब्बा है, और किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएग।








