इस्लामाबाद।पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में हिंसा की घटनाओं में तेजी आई है। स्वतंत्रता की मांग कर रहे बलूच गुटों ने एक बार फिर पाकिस्तानी सेना को निशाना बनाया है। बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (BLF) ने दावा किया है कि उनके हमले में सेना के तीन मेजर रैंक के अधिकारी मारे गए हैं।
झाओ और शाल में बीएलएफ और बीएलए के हमले
बीएलएफ ने बलूची भाषा की न्यूज़ एजेंसी द बलूचिस्तान पोस्ट को बताया कि झाओ क्षेत्र में मेजर सैयद रबनवाज तारिक को घात लगाकर मारा गया। इसके अलावा शाल के जबल नूर इलाके में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के एसटीओएस दस्ते के बम हमले में मेजर अनवर काकर की जान चली गई। मस्तुंग क्षेत्र में झड़प के दौरान मेजर सलीम समेत कई अन्य अधिकारियों के मारे जाने की सूचना है।
इन हमलों के बाद बलूच सशस्त्र गुटों ने बलूचिस्तान से होकर गुजरने वाले ईरान और इराक तीर्थमार्गों पर नागरिक आवाजाही पर भी रोक लगाने की चेतावनी दी है।
खैबर पख्तूनवा में ऑपरेशन ‘सरबकाफ’: 4 आतंकी ढेर, कर्फ्यू जारी
डॉन न्यूज़ के मुताबिक, पाकिस्तान की सेना ने खैबर पख्तूनवा के बाजौर जिले में आतंकियों के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू किया है, जिसे ‘ऑपरेशन सरबकाफ’ नाम दिया गया है। मंगलवार को शुरू हुए इस ऑपरेशन में गनशिप हेलीकॉप्टरों और तोपखाने का इस्तेमाल किया जा रहा है।
तीन दिन का कर्फ्यू लागू
बाजौर के 16 संवेदनशील इलाकों में अचानक तीन दिन का कर्फ्यू लागू किया गया है। डिप्टी कमिश्नर ने आदेश जारी कर 29 जुलाई सुबह 5 बजे से 31 जुलाई शाम 5 बजे तक पूर्ण प्रतिबंध की घोषणा की।
अब तक की जानकारी के अनुसार:
-
4 आतंकवादी मारे गए
-
12 घायल
-
10 संदिग्ध गिरफ्तार
हालांकि, इन आँकड़ों की अभी तक सुरक्षा बलों की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
नागरिकों पर असर और राजनीतिक विरोध
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सैन्य कार्रवाई के दौरान एक बच्चे समेत दो नागरिकों की मौत हुई है और 8 अन्य घायल हुए हैं, जिनमें दो बच्चे और एक महिला भी शामिल हैं। नागरिकों ने आरोप लगाया है कि आतंकियों को शरण देने के शक में कुछ घरों को निशाना बनाया गया।
राजनीतिक नेताओं की प्रतिक्रिया
-
सांसद डॉ. हमीदुर रहमान, अनवर जेब खान, गुल जफर खान सहित अन्य नेताओं ने अभियान की निंदा की है।
-
उन्होंने कर्फ्यू हटाने और सैन्य कार्रवाई रोकने की मांग की है।
-
जमात-ए-इस्लामी के पूर्व सीनेटर मुश्ताक अहमद खान ने भी सैन्य अभियान को समाप्त करने का अनुरोध किया है।








