---Advertisement---

सरस्वती विद्या मंदिर रजरप्पा प्रोजेक्ट में 13 नवम्बर को होगा सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम

रामगढ़। कोयलांचल स्थित सरस्वती विद्या मंदिर, रजरप्पा प्रोजेक्ट में आगामी 13 नवम्बर को राँची विभाग स्तरीय सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विद्यालय में एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें राँची विभाग के विभाग प्रमुख विवेक नयन पाण्डेय, विद्यालय के प्राचार्य उमेश प्रसाद, सभी आचार्यगण एवं दीदीजी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान विभाग प्रमुख विवेक नयन पाण्डेय ने कार्यक्रम से जुड़े सभी विभागों की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन संघटन, संस्कार और समर्पण की भावना को सशक्त करने का अवसर है। उन्होंने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों से अपेक्षा की कि वे पूरे मनोयोग से कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दें।

गौरतलब है कि यह सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम 13 नवम्बर को सुबह 11 बजे से सरस्वती विद्या मंदिर, रजरप्पा प्रोजेक्ट के प्रांगण में आयोजित होगा। इस विशेष अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में श्रीमती साधना भंडारी, उपाध्यक्ष, विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान एवं पालक अधिकारी, सप्तशक्ति संगम, उत्तर-पूर्व क्षेत्र उपस्थित रहेंगी। वहीं विशिष्ट वक्ता के रूप में डॉ. पूजा, क्षेत्र संयोजिका, सप्तशक्ति संगम, उत्तर-पूर्व क्षेत्र प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगी।

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि यह कार्यक्रम नारी शक्ति, संस्कृति, शिक्षा और समाज सेवा के सात आयामों को एक सूत्र में पिरोने का प्रतीक होगा। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और राष्ट्रभावना को प्रोत्साहित करने में यह आयोजन एक प्रेरक मंच साबित होगा।

Related Post