देहरादून। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सहसपुर ब्लॉक के नया गांव पेलियों, ग्राम पंचायत भूडी चकमनसा में ‘सखी वन धन केन्द्र’ का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस केन्द्र का उद्घाटन सहसपुर ब्लॉक प्रमुख अर्चना रावत एवं जिला मिशन प्रबंधक सोनम गुप्ता द्वारा सोमवार को किया गया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी मुन्नी शाह भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।
यह सखी वन धन केन्द्र राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) एवं ट्राईफेड के सहयोग से स्थापित किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदाय की महिलाओं को स्थानीय संसाधनों के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ना है। इस केन्द्र के माध्यम से बोकसा जनजाति से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ठोस पहल की गई है।
वन धन केन्द्र से कुल 55 महिलाएं जुड़ी हैं, जो राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की सदस्य हैं। ये महिलाएं अपने गांव में उत्पादित साबुत मसालों का क्रय करेंगी और आधुनिक तरीकों से उनकी सफाई, पिसाई और पैकिंग का कार्य करेंगी। तैयार उत्पादों को उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे महिलाओं को बेहतर मूल्य मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह केन्द्र न केवल महिलाओं को रोजगार देगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग को भी बढ़ावा देगा। इससे गांव में ही आजीविका के अवसर सृजित होंगे और पलायन पर भी अंकुश लगेगा। साथ ही महिलाओं में आत्मविश्वास और उद्यमिता की भावना विकसित होगी।
सखी वन धन केन्द्र जैसी पहलें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं को सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभा रही हैं। आने वाले समय में यह केन्द्र बोकसा जनजाति की महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बनने की उम्मीद है।








