---Advertisement---

उत्तराखंड में रग्बी बना युवाओं की नई पहचान, पांचवीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

रुड़की। उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के तत्वावधान में सोनाली रग्बी ग्राउंड, रुड़की में पांचवीं राज्य स्तरीय रग्बी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सात जिलों की बालक एवं बालिका वर्ग की टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह और प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर दर्जा प्राप्त मंत्री श्यामवीर सैनी ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और सामाजिक विकास का भी सशक्त माध्यम है। युवाओं को खेलों से जुड़कर अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास जैसी महत्वपूर्ण सीख मिलती है।

पूर्व मेयर गौरव गोयल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और उच्च मुकाम हासिल करने का आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष तेज प्रताप सैनी, वरिष्ठ भाजपा नेता चौधरी धीर सिंह, उत्तराखंड शूटिंग बॉल एसोसिएशन के सचिव सूरज रोड, कोच फिलिप मुनीश शर्मा, सोनी रोड, नितिन कुमार और आलम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एवं कोच आयुष सैनी ने बताया कि रग्बी खेल प्रदेश के सभी जिलों में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। बच्चों और युवाओं में बढ़ता उत्साह उत्तराखंड में मजबूत होती खेल संस्कृति का संकेत है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजनों से भविष्य में उत्तराखंड रग्बी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।

प्रतियोगिता के परिणामों में बालक वर्ग में हरिद्वार प्रथम, देहरादून द्वितीय और रुद्रप्रयाग तृतीय स्थान पर रहा। वहीं बालिका वर्ग में देहरादून ने प्रथम, ऊधम सिंह नगर ने द्वितीय और टिहरी गढ़वाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

Related Post